मुरलीधर प्रजापत ब्यूरो चीफ चूरू – सरदारशहर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का शुभारंभ गुरुवार को नगर परिषद सरदारशहर के टाउन हॉल में हुआ। शिविर के पहले ही दिन नगर परिषद प्रशासन ने विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करते हुए 11 पट्टे जारी किए, वहीं भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण एवं फायर एनओसी के मामलों का भी मौके पर समाधान किया गया।
नगर परिषद आयुक्त मघराज डूडी ने बताया कि वार्ड संख्या 1, 2 एवं 3 के लिए आयोजित शिविर में कृषि भूमि नियमन के तहत 4 पट्टे तथा 69-ए नियमन के तहत 7 पट्टे जारी किए गए। इसके अलावा 3 भवन निर्माण स्वीकृतियां, 2 नामांतरण प्रकरण तथा 1 फायर एनओसी का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) एवं पीएम स्वनिधि योजना के तहत 9 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी शिविर में मौजूद रहकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को लाभान्वित किया।
इस अवसर पर निवर्तमान सभापति राजकरण चौधरी, सहायक अभियंता प्रदीप कुमार मीणा, कनिष्ठ अभियंता सीताराम मीणा, मुकेश लाहोरा, वरिष्ठ प्रारूपकार पुखराज गौस्वामी, भूमि शाखा प्रभारी शुभकरण भाट, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पारीक, पूर्व पार्षद हंसराज सिद्ध, विधि सलाहकार अजय कुमार भाटी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं नगर परिषद कार्मिक उपस्थित रहे।
आयुक्त डूडी ने बताया कि शहरी सेवा शिविर का पहला चरण 15 जुलाई तक चलेगा, जिसमें लंबित एवं नए आवेदनों का निस्तारण कर राज्य सरकार द्वारा घोषित विशेष छूटों का लाभ आमजन को दिया जाएगा।

